भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्र भारत के दीर्घकालीन प्रधानमंत्री होने का गौरवशाली कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलक्ष्य में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक कीर्तिमान नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के विश्वास की जीत है। इस अप्रतिम उपलब्धि की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि यह जनता के अटूट विश्वास से अर्जित हुई है। मोदी जी ने 2014, 2019 और 2024 के तीनों लोकसभा चुनावों में प्रचण्ड बहुमत से विजय प्राप्त की। नेहरू जी के बाद वे पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने लगातार तीन पूर्ण कार्यकाल तक देश का नेतृत्व किया। यह लोकतंत्र की सर्वोच्च स्वीकृति और भारत की जनता के विवेक का प्रमाण है।
अपने तीनों कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए अविस्मरणीय कार्य किया। ‘उज्ज्वला योजना’ ने माताओं-बहनों की रसोई से धुआं मिटाया, ‘आयुष्मान भारत’ ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच दिया, ‘डिजिटल इंडिया’ ने गांव-गांव को तकनीक से जोड़ा तो ‘आत्मनिर्भर भारत’ ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, राम मन्दिर का निर्माण और जी-20 की सफल अध्यक्षता — ये निर्णय उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा के प्रमाण-स्तम्भ हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति ने भारत को ‘विश्वगुरु’ की ओर अग्रसर किया है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को उन्होंने केवल शब्दों तक सीमित न रखकर जी-20 जैसे वैश्विक मंच पर साकार कर दिखाया। आज विश्व के प्रमुख राष्ट्र भारत को एक सशक्त, सम्मानित और निर्णायक स्वर के रूप में देखते हैं — यह परिवर्तन श्री मोदी जी के नेतृत्व की सबसे बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है। डॉ प्रेम कुमार ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि मोदी जी की जीवन-यात्रा करोड़ों भारतीयों के लिए एक जीवन्त प्रेरणा-स्तम्भ है। गुजरात की साधारण माटी से उठकर, अदम्य जिजीविषा और अक्षय परिश्रम के बल पर — गुजरात के मुख्यमंत्री से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री तक की उनकी तपोमय यात्रा यह सिद्ध करती है कि इस लोकतंत्र में समर्पण और जनसेवा का संकल्प रखने वाला कोई भी व्यक्ति सर्वोच्च ऊंचाई तक पहुंच सकता है।
बिहार विधायिका की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा—”आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आपने इस महान राष्ट्र की माटी का मान बढ़ाया है, लोकतंत्र की गरिमा को नई ऊंचाई दी है। बिहार विधान सभा, बिहार की जनता और मैं स्वयं — हम सब आपको कोटि-कोटि नमन करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु एवं आरोग्य रहें और भारत माता की सेवा इसी निष्ठा के साथ सदैव करते रहें।”