बिहार विधानसभा भवन की स्थापना के 100 साल पूरे हो चुके हैं। इस स्थापना दिवस के अवसर पर आज विधानसभा के सेंट्रल हॉल में प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इसके बाद सबसे पहले रिमोट का बटन दबाकर डिजिटल नेशनल ईविधान एप्लिकेशन (NEVA) लॉन्च किया। इस ऐप पर अब बिहार विधानसभा की कार्यवाही ऑन लाइन प्रसारित होगी। ऐसा करने वाला देश की यह पहली विधानसभा होगी। 7 फरवरी 2021 को विधानसभा भवन के 100 साल पूरा होने पर तब भव्य कार्यक्रम हुआ था और उसके बाद से ही हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन करने की परंपरा रही है। आज के स्थापना दिवस समारोह में लोकसभा स्पीकर के अलावा राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू शामिल हुए। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तमाम मंत्रियों—विधायकों की मौजूदगी रही।
बिहार विधानसभा स्थापना दिवस
कार्यक्रम की शुरुआत के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने डिजिटल नेशनल ई विधान ऐप का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब आज से बिहार विधानसभा ई विधान एप पर आ गया है। इस मौके पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि अब बिहार विधानसभा की कार्यवाही ऑन लाइन लाइव प्रसारित होगी। इससे कागजों की बचत होगी और लोग अपने जन प्रतिनिधियों के कार्यों से सीधे जुड़ सकेंगे। वहीं इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “आज बिहार विधानसभा में ई-विधान का एक बड़ा कार्यक्रम हो रहा है। मैं बिहार के सभी विधायकों को बधाई देना चाहता हूं। अब बिहार के इस विधाई सदन का पूरा कामकाज डिजिटल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब बिहार विधानसभा देश का पहला लाइव सदन हो गया है। हमें बिहार से बहुत कुछ सीखना है।