वैशाली जिले में लालगंज थाना क्षेत्र में आने वाले पीरापुर गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 20 साल की खुशबू कुमारी की कथित तौर पर दहेज के लिए बेरहमी से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए उसके ससुराल वालों ने जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार गंडक नदी घाट पर करने की कोशिश की। लेकिन मायके वालों से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठीक समय पर जलती चिता से अधजले शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को देखते ही महिला का पति और उसका छोटा भाई तुरंत मौके से फरार हो गए। बताया गया कि गांव में ही खुशबू को पहले पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। हालांकि जब वह इससे बच गई तो उसे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाकर वहां जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला गया। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए पुलिस के आने से पहले ही उसके ससुरालवाले शव को जलाने की कोशिश कर रहे थे।
दो साल पहले हुई शादी, मायके वालों का आरोप
मृतका के भाई रोशन कुमार और उसकी मां ने बेटी के ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि जब उनकी दहेज की मांगे पूरी नहीं हुईं तो ससुराल वालों ने एक मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला, खुशबू पर डाला और आग लगा दी। घटना को छिपाने के लिए उन्होंने बुरी तरह जली खुशबू को हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां अस्पताल में ही जहर का इंजेक्शन दिलवाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिवार के अनुसार खुशबू की शादी लगभग दो साल पहले पीरापुर गांव के रवि कुमार राय से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद ही पति, सास-ससुर और अन्य परिजनों ने दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। मायके वालों का कहना है कि खुशबू ने कई मौकों पर उन्हें अपनी आपबीती बताई, परंतु ससुराल वालों ने मामले को दबा दिया।
बिना बताए जला रहे थे शव, पति-देवर फरार
बीते दिन ससुराल वाले खुशबू के मायके वालों को बिना बताए पीरापुर में गंडक नदी के घाट पर चुपके से उसके शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। जैसे ही मृतका के भाई को इस बात का पता चला उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए लालगंज SHO मनमोहन कुमार और SDPO-2 गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ घाट पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ियां देखते ही, पति रवि कुमार राय अपने तीन छोटे भाइयों और अन्य ग्रामीणों के साथ जलती हुई चिता को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना स्थल से मृतका के ससुर भारत राय को गिरफ्तार कर लिया है।
FSL टीम ने जमा किए सैंपल, 7 पर FIR
घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL की एक टीम को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने चिता के आस-पास से महत्वपूर्ण सबूत और सैंपल जमा किए हैं। मृतका के भाई ने सात लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है, जिनमें उसके पति रविराज, ससुर भारत राय, सास, ननद और तीन छोटे देवर (पुतुल, रंजन और अंकुश) शामिल हैं। वैशाली SDPO-2 ने बताया कि सूचना मिली थी कि सबूत मिटाने की कोशिश में मृतका के रिश्तेदारों को बिना सूचित किए घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने आंशिक रूप से जले हुए शव के अवशेषों को अपनी हिरासत में ले लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए फिलहाल छापेमारी की जा रही है।