बिहार में इस समय धान फसल की रोपनी का आखिरी दौर चल रहा है। ग्रामीण इलाकों में आजकल हर तरफ दूर-दूर तक महिला—पुरुष खेतों में धान की रोपनी मेें मशगुल हैं। इसी दौरान वैशाली जिले से एक अनूठी तस्वीर सामने आई जिसमें जिले की DM वर्षा सिंह खुद बिदुपुर प्रखंड के शहदुल्लापुर धोबौली पंचायत के खजवत्ता गांव में खेत में उतर गईं और वहां अपने हाथों से खेत में धान का बिचड़ा रोपने लगीं। इस दौरान डीएम ने खेत में काम कर रही महिलाओं से बातचीत भी की और किसानों को प्राकृतिक तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने को कहा। वैशाली डीएम की खेत में रोपनी करती तस्वीरें आज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।
दरअसल बीते दिन वैशाली की डीएम वर्षा सिंह बिदुपुर प्रखंड के दौरे पर पहुंची थीं। वहां वे शहदुल्लापुर धोबौली पंचायत के खजवत्ता गांव स्थित किसान उमेश राय के प्राकृतिक खेती (बीआरसी) मॉडल देखने उनके खेत में पहुचीं थीं। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर श्रीविधि पद्धति से धान की रोपनी की तथा कृषि कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने किसानों से उनकी समस्याओं, कृषि संबंधी आवश्यकताओं तथा प्राकृतिक खेती के अनुभवों की जानकारी ली।
डीएम वर्षा सिंह ने खुद कीचड़ से भरे खेत में उतरकर श्रीविधि पद्धति से धान की रोपनी करने के बाद उन्होंने कृषि कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद वे वहां मौजूद किसान महिलाओं से सीधे बातचीत करने लगीं और उनकी दिनचर्या और अनुभवों को समझा। डीएम ने स्थानीय किसानों से उनकी कृषि संबंधी आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही प्राकृतिक खेती अपना रहे किसानों से उनके अनुभवों को समझा और इसके फायदों पर बात कीं। डीएम वर्षा सिंह ने किसानों को पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित भी किया।