बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने युवाओं को एक और बड़ा तोहफा दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब ग्रेजुएशन करने वाले युवाओं को भी 1000 रुपये हर माह बेरोजगारी भत्ता देने का ऐलान किया है। इसके तहत सरकार 20 से 25 साल की उम्र के ऐसे स्नातक युवकों और युवतियों को हर महीने 1000 रुपये देगी, जिनके पास न नौकरी है और न ही स्वरोजगार। यह भत्ता अधिकतम दो साल तक दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने लिखा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही युवाओं को रोजगार और नौकरी देने को प्राथमिकता दी गई है। आने वाले पांच साल में राज्य सरकार का लक्ष्य है कि एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाए।
सीएम ने लिखा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है और युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का मानना है कि जब तक युवा पढ़ाई या ट्रेनिंग के दौरान आत्मनिर्भर नहीं होंगे, तब तक वे नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अच्छे से नहीं कर पाएंगे। इसी सोच के तहत पहले से चल रही मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है। पहले इस योजना का लाभ सिर्फ इंटर पास बेरोजगार युवाओं को मिलता था। लेकिन अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। अब कला, विज्ञान और वाणिज्य में स्नातक पास बेरोजगार युवक-युवतियों को भी यह भत्ता मिलेगा।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है। भत्ता मिलने से अब युवा अपनी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा और कौशल प्रशिक्षण में आर्थिक मदद पा सकेंगे। उम्मीद है कि यह राशि बेरोजगार युवाओं को अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने में मदद करेगी। युवाओं के लिए इस नए ऐलान को राज्य में युवा वोटरों को साधने की कोशिश भी माना जा रहा है। इस ऐलान के तहत युवाओं को लाभ पाने के लिए कुछ पात्रताएं भी रखी गईं हैं। इसके अनुसार आवेदक बिहार का नागरिक होना चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए उसकी उम्र 20 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। इसमें उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने 12वीं या ग्रेजुएशन के बाद पढ़ाई छोड़ दी हो और रोजगार की तलाश में हों। साथ ही इन युवाओं को किसी और तरह की सरकारी मदद न मिल रही हो। जिस दिन युवा को नौकरी मिल जाएगी, उसी दिन से भत्ता मिलना बंद हो जाएगा।