बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BPSC TRE 4 शिक्षक भर्ती के तहत राज्य में करीब 44 हजार शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शिक्षा विभाग को सभी जिलों से कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के खाली पदों का ब्योरा मिल चुका है और आरक्षण रोस्टर के अनुसार इन पदों को अंतिम रूप देकर सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक सामान्य प्रशासन विभाग से यह प्रस्ताव जल्द ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च की शुरुआत में टीआरई 4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।
किस कक्षा के लिए कितनी होगी बहाली
इस भर्ती अभियान में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर शिक्षकों की सबसे ज्यादा नियुक्ति होने की संभावना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कक्षा 9 से 12 तक लगभग 25 हजार शिक्षकों की बहाली की जाएगी। वहीं प्राथमिक और मध्य विद्यालय स्तर यानी कक्षा 1 से 8 के लिए करीब 19 हजार पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। अगर विषयवार देखें तो कक्षा 9 और 10 के लिए करीब 12 हजार पद तय किए गए हैं। जबकि कक्षा 11 और 12 के लिए लगभग 13 हजार शिक्षकों की जरूरत बताई गई है।
पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने शिक्षक नियुक्ति के तीन चरण पूरे किए हैं। इन चरणों में करीब 2 लाख 27 हजार शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है। चौथे चरण की बहाली पूरी होने के बाद बिहार में शिक्षकों की कुल संख्या लगभग 6 लाख 40 हजार तक पहुंच जाएगी। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी दिसंबर 2025 तक बीपीएससी को भेजने का लक्ष्य रखा था। BPSC TRE 4.0 में इस बार सबसे बड़ा बदलाव डोमिसाइल नीति को लेकर देखने को मिल सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार करीब 85 प्रतिशत सीटें बिहार के स्थायी निवासियों के लिए आरक्षित रहने की संभावना है। बाकी 15 प्रतिशत सीटों पर ही दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी या वे उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने मैट्रिक और इंटरमीडिएट दूसरे राज्यों से किया है।