किशनगंज के ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिवर्तित रूट से चल रही 15716 डाउन अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस का इंजन अचानक बोगियों से अलग हो गया। घटना तब हुई जब ट्रेन ठाकुरगंज स्टेशन से रवाना हो रही थी। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार बेहद कम थी जिस कारण बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गरीब नवाज एक्सप्रेस अपने तय समय पर ठाकुरगंज स्टेशन पहुंची थी। स्टॉपेज के बाद जैसे ही ट्रेन आगे के सफर के लिए रवाना हुई, वैसे ही इंजन और पहली बोगी के बीच लगी कपलिंग खुल गई और ईंजन बोगियों को पीछे छोड़कर ट्रैक पर आगे निकल गया।
हालांकि इंजन के अलग होते ही ट्रेन के ऑटोमैटिक ब्रेक लग गए और बोगियां तुरंत रुक गईं। ट्रेन के अचानक रुकने और इंजन को आगे जाते देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। डरे-सहमे यात्री तुरंत बोगियों से नीचे उतर आए। वाकये की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, तकनीकी कर्मी और ऑपरेटिंग टीम मौके पर पहुंची तथा गड़बड़ी ठीक करने में जुट गई। कपलिंग की गहन जांच के बाद इंजन को दोबारा बोगियों से सफलतापूर्वक जोड़ा गया तथा इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से अन्य आवश्यक तकनीकी परीक्षण किए गए। तत्पश्चात ट्रेन को आगे रवाना किया गया। रेल अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की गति कम होने के कारण कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। कपलिंग क्यों खुली, इसकी जांच की जा रही है।