गोपालगंज में थावे दुर्गा मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच आज शनिवार को तड़के भीषण मुठभेड़ हुई। खबर है कि इस मुठभेड़ में पुलिस ने थावे मंदिर में चोरी के एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ में उसके पौर में गोली लगी जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस को उसके पास से थावे मंदिर से चोरी गए मुकुट के टुकड़े भी बरामद हुए। जख्मी बदमाश की पहचान मोतिहारी के इंजमामूल के रूप में की गई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे तुरंत मॉडल हॉस्पिटल गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है। थावे मंदिर में चोरी के बाद से ही पुलिस भारी दबाव में थी। लोग सवाल उठा रहे थे कि अब तक चोरी का सामान क्यों नहीं मिला। लेकिन अब मुकुट के टुकड़े बरामद होने के बाद पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
चोर घायल, मुकुट के टुकड़े भी बरामद
पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में घायल अपराधी के पास से थावे दुर्गा मंदिर से चोरी किए गए मुकुट के कुछ टुकड़े बरामद हुए हैं। इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि 17 और 18 दिसंबर की रात को थावे दुर्गा मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़कर बेशकीमती सामान चोरी कर लिया गया था। इस दौरान चोरों ने माता का सोने का हार, सोने का मुकुट, चांदी की छतरी और दान पेटी तक उड़ा ली थी। मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में दो चोर कैद हुए थे जो मास्क पहने हुए थे। पुलिस ने कुछ दिन पहले सीसीटीवी फुटेज में दिखे मुख्य आरोपी दीपक राय को गाजीपुर के जमानिया से गिरफ्तार किया था। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल कटर और अन्य सामान बरामद हुआ था। दीपक राय को तीन दिन तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी में शामिल दूसरे सदस्य के बारे में जानकारी मिली।
मुठभेड़ कैसे हुई?
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि इस कांड का दूसरा आरोपी गोपालगंज के थावे के रिखई टोला में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसआईटी ने शनिवार तड़के छापेमारी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का नाम इजमामुल आलम है जो कि मोतिहारी का रहने वाला है और वर्तमान में भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में रह रहा था। एसपी के मुताबिक इजमामुल आलम ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली है। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए सोने का हार और मुकुट कहां बेचा गया है। साथ ही उसने गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान भी कराई है। पुलिस अब इनकी गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।