पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक बिहार के अधिकतर इलाकों में उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अभी जो मौनसून समय से पहले आने की बात कही जा रही है, तो अधिकतर मौनसूनी हवाएं असम की तरफ जा रही हैं। बिहार में अभी इसके एक—दो सप्ताह बाद ही इंटर होने की सूचना है। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में प्री—मौनसून बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। लेकिन अधिकतर जिलों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटे की रिपोर्ट में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रोहतास के डेहरी में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
असम की ओर मुड़ा मौनसून, आद्रता 94 प्रतिशत
बताया गया कि बिहार में मानसून की एंट्री 12 से 15 जून के बीच होने की उम्मीद है। ऐसे में प्री मानसून का असर कुछ जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कहा गया कि राजधानी पटना समेत मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, किशनगंज में शनिवार की सुबह से दोपहर तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में इसको लेकर आंधी और ठनका गिरने से भी लोगों को सावधान किया है।
आज 12 जिलों में प्री-मौनसून आंधी और बारिश
कहा जा रहा है कि तापमान तो अभी राज्य में 38 से 40 डिग्री के बीच ही है, लेकिन आद्रता अधिक होने से लोगों को उमस वाली गर्मी झेलनी पड़ रही है। अभी हवा में आद्रता 94 प्रतिशत तक रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 30 से 40 किमी की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना जतायी है। इन सभी जिलों में बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बाकी जिलों में अगले दो तीन दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जतायी है।