Patna : पटना वाले खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हालिया गोलीबारी की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार के बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है। इसी को लेकर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इस्तीफे तक की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरकार कोमा में चली गई है। राज्य में प्रतिदिन ऐसी-ऐसी घटनाएं हो रही हैं। कि लोग बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। अगर सम्राट चौधरी सरकार नहीं चला सकते हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
गोलीबारी के मुद्दे के अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री और अपनी मां राबड़ी देवी के सरकारी आवास (10, सर्कुलर रोड) को खाली करने के नोटिस पर भी तेज प्रताप यादव ने कड़ा रुख अपनाया। और एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कहा कि यदि राबड़ी देवी जी को 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने के लिए राज्य सरकार ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है, तो पटना में सरकारी बंगलों में रह रहे अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों नीतीश कुमार जी और जीतन राम मांझी जी को भी ऐसे ही नोटिस दिए जाने चाहिए। रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से भी मकान खाली करने को कहा जाना चाहिए, जो सरकारी बंगले में रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर तंज कसते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में आठ एकड़ में फैले विशाल सरकारी बंगले में क्यों रह रहे हैं? क्या उन्हें इतने बड़े आवास की जरूरत है? यदि उन्हें अपने लिए इतना बड़ा ही महल चाहिए, तो उन्हें दिल्ली के लाल किले में शिफ्ट हो जाना चाहिए। तेजप्रताप के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में कानून-व्यवस्था और सरकारी आवासों के आवंटन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
मालूम हो कि राबड़ी देवी जिस सरकारी बंगले में रह रही हैं, उसे खाली करने से उनके इनकार के बाद विवाद खड़ा हो गया है। यह आवास अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। तेज प्रताप यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में आठ एकड़ में फैले विशाल सरकारी बंगले में क्यों रह रहे हैं? क्या उन्हें इतने बड़े आवास की जरूरत है? यदि उन्हें अपने लिए इतना बड़ा आवास चाहिए, तो उन्हें दिल्ली के लाल किले में चले जाना चाहिए।