बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद लंबे समय तक सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अब भारत लौटकर उत्तराखंड के पहाड़ों में पहुंच गए हैं। विदेश में क्रिसमस और नए साल का अवकाश बिताने के बाद तेजस्वी यादव भारत लौटे। यहां अब बीते दिन वे उत्तराखंड में दिखे जहां उन्होंने अपने करीबी सहयोगी शारिक़ुल बारी की शादी में शिरकत की। यह शादी 7 जनवरी को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट फॉरेस्ट रिजर्व के एक रिसॉर्ट में संपन्न हुई। शारिक़ुल बारी को तेजस्वी यादव की कोर टीम का अहम सदस्य माना जाता है और बिहार चुनाव के दौरान वे लगातार तेजस्वी के साथ नजर आए थे।
इस शादी समारोह में तेजस्वी यादव के साथ आरजेडी सांसद संजय यादव और उनके करीबी रमीज नेमत ख़ान भी मौजूद थे। इसके अलावा आरजेडी विधायक ओसामा साहब, एमएलसी कारी शोएब, पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव और वरिष्ठ नेता भोला यादव की भी उपस्थिति देखी गई। गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के बाद तेजस्वी यादव बीच सत्र में ही सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं थीं। अब उनके भारत लौटने के बाद पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि सांगठनिक स्तर पर कुछ बड़े निर्णय लिये जा सकते हैं। लेकिन अभी तक तेजस्वी बिहार में राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं हुए हैं और अब वे उत्तराखंड में दिखाई दिए हैं। माना जा रहा कि इस शादी के बाद वे पटना लौटेंगे और फिर से पार्टी की हलचल में सक्रिय होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव 9 जनवरी को पटना वापस लौट सकते हैं। पटना पहुंचने के बाद वे नए साल में पार्टी को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे। साथ ही बिहार की जनता के बीच जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और राज्य सरकार को घेरने की नई कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। नए साल में तेजस्वी यादव एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय राजनीति में लौटते नजर आएंगे, जिस पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यह भी कहा जा रहा कि राजद में सांगठनिक स्तर पर कई बड़े बदलाव किये जा सकते हैं। हाल ही में विदेश से लौटने के बाद दिल्ली में तेजस्वी ने अपने पिता लालू यादव से मंत्रणा की थी। समझा जाता है कि लालू ने उनकों पार्टी संचालन के कई जरूरी निर्देश दिये हैं।