पटना तावडू –उपमंडल के गांव पाटूका के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रवक्ता एवं हिन्दी कवि जय सिंह को कलानौर स्थित हरियाणा हवेली में निराला साहित्य एवं कला मंच तथा हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह व पुस्तक लोकार्पण के राज्यस्तरीय साहित्यिक कार्यक्रम में साहित्य रत्न मिला है।
कवि जय सिंह को पिछले वर्ष इनके काव्य संग्रह तुम बिन के लिए हिंदी साहित्य प्रेरक संस्था जींद भी सम्मानित कर चुकी है। जयसिंह वर्तमान में उत्तर भारत के बहुचर्चित मंचीय कवि के रूप में प्रसिद्ध हैं। अपने यथार्थवादी दृष्टिकोण, राष्ट्रभक्ति लेखन, बेटी बचाओ बेटी पढाओ, भारतीय नारी, नशामुक्त यूथ आदि विषयों पर बेबाक साहित्य लेखन के माध्यम से ये दर्शकों व पाठकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
इस कार्यक्रम में डाक्टर सत्यबीर सिंह निराला की पुस्तक घटता आंचल और टूटता तारा, मित्र राधेश्याम गोमला की मित्र उपनिषद डाक्टर त्रिलोकचंद त्रिलोकी की रतनपुर की महामाया और ये हीरे हिंदुस्तान के, सुशीला जांगडा की लोक रश्मियां, देवीराम शर्मा निर्मल की हरियाणा की माटी की सुगंध, डाक्टर फूलकुमार राठी की मुक्तक काव्य और कृष्णलाल की मी एंड माई अनसैड फीलिंग पुस्तकों का ऐतिहासिक लोकार्पण भी हुआ।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट