पटना के एशिया अस्पताल की संचालिका सुरभि राज हत्याकांड में आज मंगलवार को पुलिस ने सुरभि के पति, देवर और अस्पताल में काम करने वाली एक महिला स्टाफ सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सुरभि राज की हत्या की जांच के सिलसिले में की गई है, जो पिछले दिनों रहस्यमय परिस्थितियों में हुई थी। समझा जाता है कि इस हत्याकांड को अवैध संबंधों के कारण उपजे विवाद में अंजाम दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, मृतका के पति राकेश रौशन का अस्पताल की महिला स्टाफ के साथ लव अफेयर चल रहा था, जिसे पुलिस जांच के दौरान उजागर किया गया है।
सुरभि मर्डर में पति, देवर समेत 5 गिरफ्तार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस अवैध अफेयर के चलते सुरभि का उसके पति से विवाद चल रहा था। माना जा रहा कि इसी के चलते सुरभि की हत्या कर दी गई है। पटना के सिटी एसपी ने बताया कि पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कई गंभीर साक्ष्य मिले हैं। अस्पताल के सभी कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में सुरभि का पति, देवर और अस्पताल के कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है, और जल्द ही इस मामले में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
आज मामले का खुलासा कर सकती है पुलिस
इससे पहले, सुरभि राज की हत्या के पीछे के कारणों को जानने के लिए पुलिस ने कई साक्ष्यों की जांच की और संभावित संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हत्या बेहद करीबी व्यक्ति द्वारा की गई या कराई गई और इसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। सुरभी का चैंबर तीसरे फ्लोर पर था, और वहां बिना अनुमति किसी के घुसने की इजाजत नहीं थी। हत्या दोपहर दो बजे की गई, जबकि उस वक्त मरीज और स्टाफ भी मौजूद थे। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि राकेश रौशन (सुरभी का पति) ने अपने ससुर को कॉल करते समय गोली लगने की बात छिपाई। वह अस्पताल में सुरभी के साथ काम करता था। चौंकाने वाली बात यह है कि चैंबर से खून के दाग ऐसे साफ किए गए जैसे वहां कुछ हुआ ही न हो। सुरभी को गोली लगने के 2 घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई और घटना के कुछ दिन पहले ही अस्पताल के CCTV कैमरों को बदला गया था।