सुपौल से एक दर्दनाक और दिल को झकझोर कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बीड़ी नहीं देने पर नशे में धुत दो युवकों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग दादी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस दौरान हमलावर युवकों ने दादी के पोतों को भी बुरी तरह पीटा और उन्हें भी अधमरा कर दिया। वारदात को बीती रात करीब नौ से दस बजे के बीच अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। बताया जाता है कि दोनों नशेड़ी युवक एक किराना दुकान पर बगैर पैसा दिये बीड़ी मांगने पहुंचे थे। दुकान पर मौजूद बुजुर्ग महिला के मना करने पर दोनों ने पहले वृद्धा के दो पोतों की पिटाई की। फिर उसके बाद पोतों को बचाने के लिए वहां आई वृद्धा को भी लात-घूंसों से जमकर पीटा। इससे वृद्धा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, घटना को सुपौल के छतरपुर थाना क्षेत्र के लालगंज तिलाठी स्थित सरदार टोला गांव में अंजाम दिया गया। मृतक महिला की पहचान 65 वर्षीय सुगिया देवी के रुप में हुई है। महिला का पोता सरदार टोला में किराना का दुकान चलाता था। रात को नशे में धुत दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और बीड़ी मांगने लगे। वृद्धा के पोता सत्यम ने बीड़ी नहीं होने की बात कही, तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वहीं जब वृद्धा अपने पोते का बचाव करने आई तो दोनों नशेड़ी युवकों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरु कर दिया।। वही इससे वृद्धा की मौके पर ही जान चली गई। आरोपी युवक आशीष और सौरभ मौके से भाग गए।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा है। फिलहाल पुलिस घटना की छानबीन मेंं जुट गई। सुपौल जिले के एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच छातापुर थानाध्ध्यक्ष एवं त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ संयुक्त रूप से कर रहे हैं। फिरहाल दोनों आरोपी वारदात के बाद से ही गायब हैं और पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।