सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित पूजा स्थल में कीर्तन कर रहे लोगों की भीड़ में घुस गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पिपरा के कटैया चौक के समीप NH-327E पर सड़क किनारे लोग झूलन पूजा के मौके पर कीर्तन कर रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार उन पर चढ़ दौड़ी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में दो घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

झूलन पूजा के मौके पर कीर्तन कर रहे थे लोग
बताया जाता है कि कटैया चौक के पास झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह घटना में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, घायल रामचंद्र यादव को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सड़क पर उतरे लोग, NH-327E किया जाम
सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। इससे NH-327E पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ देर रात एसडीएम और एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए। खबर है कि आक्रोशित लोगों ने सुपौल सदर अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया। इसके बाद डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस सदर अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने घटना की जांच और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने और हादसे की विस्तृत जांच कराने का आश्वासन दिया।

