मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम मेंं सुधा डेयरी के उत्पादों का पहला एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट रवाना किया। इसमें घी, मखाना अमेरिका तो गुलाब जामुन कनाडा भेजे जा रहे हैं। बिहारी उत्पादों के विदेश एक्सपोर्ट की यह कवायद पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की तरफ से की गई है। मुख्यमंत्री ने अपने आवास से दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दोनों ट्रक इन बिहारी उत्पादों को समुद्री बंदरगाह तक ले जाएंगे। वहां से ये उत्पाद अमेरिका और कनाडा पहुंचेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने निर्यात होने वाले उत्पादों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयालक्ष्मी ने मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक वाहन में मखाना और घी को अमेरिका के लिए तथा दूसरे वाहन में गुलाब जामुन को कनाडा के लिए भेजा जा रहा है। यह वाहन समुद्री पोर्ट तक सामानों को पहुंचाएगा। समुद्री पोर्ट से फिर सामान को अमेरिका और कनाडा भेजा जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा डेयरी के उत्पादों का विदेशों में निर्यात राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे हमें आर्थिक मजबूती मिलेगी। बिहार के किसानों और उत्पादकों को भी इसका लाभ होग और हमारे उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी। यह पहला मौका है जब सुधा के उत्पादों को विदेश भेजा जा रहा है। यह बिहार के लिए गर्व की बात है। इस पहल से राज्य में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और राज्य सरकार नए बाजार तलाश करने में कोई कसर नहीं रख छोड़ेगी। इससे पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई अन्य मंत्री भी उपस्थित थे। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी, राजस्व मंत्री संजय सरावगी और पर्यावरण मंत्री सुनील कुमार के अलावा सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव एन विजयालक्ष्मी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।