आरा शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां कोचिंग पढ़ने निकले इंटरमीडिएट के छात्र का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने छात्र का शव रेलवे अंडरपास के नीचे पानी भरे गड्ढे से बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे सोशल मीडिया पर हुए विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। मृतक छात्र का नाम सन्नी कुमार सिंह बताया जा रहा है। पता चला है कि एक लड़की और उसके प्रेमी का सन्नी के अपहरण और हत्या की साजिश में हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस बारीकी से तकनीकी आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
दोस्त के साथ घर से निकला था सन्नी
जानकारी के अनुसार यह घटना आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड इलाके की है। मृतक की पहचान बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना गांव निवासी 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह के रूप में हुई है जो नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा में अपने परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि सन्नी सिंह इंटर का छात्र था और अपने दोस्त के साथ कोचिंग के लिए घर से निकला था। लेकिन वह फिर घर नहीं लौटा। इसी बीच उसने अपने भाई को फोन कर बताया कि कुछ युवक जबरन उसे बाइक पर बैठाकर गड़हनी की ओर ले जा रहे हैं। इसके बाद उसका फोन कट गया। कुछ देर इंतजार के बाद भी जब उसका फोन बंद आने लगा तो परिजनों ने नवादा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर लड़की को लेकर हुआ विवाद
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। जैसे ही छात्र की हत्या की सूचना मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर एक लड़की को लेकर हुए विवाद के बाद इस वारदात की साजिश रची गई। परिजनों का आरोप है कि लड़की के बॉयफ्रेंड और उसके साथियों ने सन्नी का अपहरण किया, उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।