समस्तीपुर में एक सस्पेंड और विभागीय कार्रवाई झेल रहे एक पुलिस जवान के घर से एके 56 और इंसास जैसे घातक हथियार बरामद होने की खबर है। चर्चा है कि जवान सरोज सिंह के घर से एसटीएफ ने एके 56 और इंसास के अलावा कई हथियार बरामद किये हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है लेकिन मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा कि छापेमारी के दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग भी की गई। जानकारी के अनुसार सरोज सिंह उर्फ निमकी सिंह एक साल से सस्पेंड है। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना पर मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में उसके घर छापा मारा जो अबतक जारी है।
बताया गया कि मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के रसलपुर पतसिया पश्चिम पंचायत के सुलतानपुर गांव में शुक्रवार को एसटीएफ जवानों ने एक सस्पेंड पुलिस जवान के घर छापेमारी की। इस दौरान करीब कई गाड़ियों में पहुंचे पुलिस के जवानों ने पूरे गांव को घेर लिया और ग्रामीणों व पड़ोसियों को उनके घर में ही रहने को कहा। इसके बाद पुलिस ने सरोज कुमार सिंह उर्फ निमकी सिंह के घर को चारों ओर से घेर कर अंदर छापेमारी शुरू कर दी। गांव में किसी को भी इस पूरी छापेमारी की वीडियो बनाने से भी मना किया गया। सुरक्षा कर्मी गांव के चप्पे चप्पे पर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की इस कार्रवाई में सरोज कुमार सिंह उर्फ निमकी सिंह सहित पांच संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है। वहीं उसके घर से एके 56, इंसास राइफल, पुलिस राइफल व बन्दूक तथा कई राउंड गोलियां बरामद किए जाने की चर्चा है। हालांकि बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। चर्चा यह भी है कि एसटीएफ की टीम के पहुंचने पर दोनों ओर से फायरिंग भी हुई है। सरोज कुमार सिंह उर्फ निमकी सिंह बिहार पुलिस में कार्यरत था और एक वर्ष पहले उसे ससपेंड कर दिया गया था। समाचार लिखने तक एसटीएफ द्वारा छापेमारी जारी है।