बिहार मेंं पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को है और इसके लिए पूरे राज्य में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। लेकिन इसी चुनावी चौकसी के बीच सिवान में ड्यूटी पर तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) की धारदार हथियार से हत्या कर दिये जाने की खबर है। इस घटना के बाद सूबे के पुलिस महकमे मेंं हड़कंप मच गया है। नेताओं के मंच से जंगलराज पर हो रही बयानबाजी के बीच यह सनसनीखेज घटना सिवान के दरौंदा थाना क्षेत्र में हुई। यहां दरौंदा के सिरसाव नवका टोला गांव के निकट एक खेत में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अनिरुद्ध कुमार का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि गला काटकर एएसआई की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि एएसआई अनिरुद्ध कुमार दरौदा थाने में तैनात थे। बीती रात उनकी ड्यूटी गांव में गश्ती के लिए लगी थी। खेत में आज गुरुवार की सुबह उनका खून से लथपथ शव मिला। एएसआई अनिरुद्ध के गले पर गहरी चोट के निशान भी मिले हैं। सूचना के बाद सिवान एसपी मनोज तिवारी भी घटनास्थल पहुंचे। एसपी मनोज ने कहा कि जांच के लिए पुलिस की खास टीम बनाई गई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एसपी ने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। बताया जा रहा है कि ASI अनिरुद्ध छठ महापर्व को लेकर दरभंगा के अपने पैतृक घर गए थे। उनके साथ उनका परिवार भी गया था। परिवार को वो छोड़ कर वो सिवान लौटे थे। इसके बाद दरौंदा थाने के एक गांव सिरसांव नवका टोला के अरहर के खेत में उनकी लाश मिली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या से पहले अपराधियों ने दारोगा के हाथ और पैर बांध दिए थे। शक है कि पहले दारोगा की जमकर पिटाई की गई और फिर किसी धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया। वहां संघर्ष के भी निशान मिले हैं। पुलिस को मौके से कुछ सुराग हाथ लगे हैं जिसके आधार पर आगे छानबीन की जा रही है। बताया जाता है कि एएसआई रात में पुलिस वर्दी में ड्यूटी करने गए थे। लेकिन उनका शव खेत में सिविल ड्रेस में मिला है। पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या किसी सूचना पर ASI कहीं सादी ड्रेस पर अकेले चले गए थे या किसी ने उन्हें सुनियोजित तरीके से बुलाकर मौत के घाट उतार दिया।