सीतामढ़ी में आंधी-बारिश के बीच रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी पंचायत स्थित धनुषी टोला में देर रात एक विशाल पीपल का पेड़ घर पर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य रात में भोजन करने के बाद अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेज हवा और खराब मौसम के बीच वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर घर पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही घर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सो रहे लोग मलबे तथा पेड़ के नीचे दब गए। हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी और उनके चार मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे और पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रीगा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं। हृदयविदारक घटना के बाद धनुषी टोला में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।