सीतामढ़ी : एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला में पुरानी रंजिश के चलते एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना परिहार थाना क्षेत्र के खोपरहिया गांव की है। मृतक बच्ची की पहचान दिवंगत सुखनंदन राय की १२ वर्षीय बेटी निक्की कुमारी के रूप में हुई है। सोमवार की शाम निक्की अपने चाचा के साथ नरहा बाजार गई थी। वापसी के समय उसके चाचा किसी काम से बाजार में ही रुक गए और निक्की सामान लेकर अकेले घर के लिए निकल पड़ी। इसी दौरान गांव के एक सुनसान रास्ते पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे दबोच लिया और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है। 25 मई को गांव में बकरी चराने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हुआ था, जिसे लेकर दोनों तरफ से परिहार थाने में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई थी। मृतका के चाचा लखिंद्र राय का सीधा आरोप है कि उसी आपसी रंजिश का बदला लेने के लिए गांव के ही कुछ लोगों ने साजिश रचकर उनकी मासूम भतीजी की हत्या कर दी है। शव मिलने के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही परिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थिति की गंभीरता और तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिहार थानाध्यक्ष पंकज यादव ने घटना के सम्बन्ध में बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलते ही नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।