पटना/शेखपुरा : शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने सभी आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें जमीन की मापी, राजस्व रसीद निर्गत करने, लगान निर्धारण, तालाब को यथावत रखने, वक्फ बोर्ड की भूमि से संबंधित विवाद, बिजली विभाग के एक मृत मजदूर के परिजनों को मुआवजा दिलाने, ईपीएफ की कटौती की राशि संबंधित खाते में जमा कराने, ऋण माफी, आवास निर्माण के लिए पर्चा उपलब्ध कराने, भूमि अतिक्रमण हटाने तथा मटोखर दरगाह के 655वें उर्स मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे मामले प्रमुख रहे।।जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी को अपने पास बुलाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी फरियादी को अपने कार्य के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जिला जनता दरबार प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित सरकारी कर्मी उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट