बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) की एक विशेष टीम ने आज मंगलवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर के DDC के ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। यह कार्रवाई उप विकास आयुक्त-सह जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है। उनके खिलाफ अपनी घोषित आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। SVU की टीम ने निगरानी के विशेष न्यायाधीश द्वारा DDC के ठिकानों पर तलाशी के लिए जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में आरोपी के सरकारी कार्यालयों और आवासीय ठिकानों पर की गई। यहां तक कि अधिकारी के ससुराल में भी की टीम ने दबिश दी। इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलके में में हड़कंप मचा हुआ है।
करोड़ों की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप
जानकारी के अनुसार विशेष निगरानी इकाई ने DDC के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया है। आरोप है कि शिवहर डीडीसी बृजेश कुमार ने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध तरीके से लगभग 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनके ज्ञात आय स्रोतों से अधिक है। सूत्रों के अनुसार निगरानी टीम ने सुबह-सुबह ही छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी। विशेष निगरानी अदालत द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर स्थित सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में चल रही है। शिवहर स्थित आवास के बाद अब समाहरणालय स्थित कार्यालय में भी छापेमारी की जा रही है।
बेतिया, सीतामढ़ी-शिवहर में छापा, कई सबूत मिले
खबर है कि छापेमारी के दौरान SVU की टीम द्वारा डीडीसी के विभिन्न ठिकानों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य संपत्ति से संबंधित साक्ष्य जुटाए गए हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जांच के दौरान कई और अहम खुलासे हो सकते हैं जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ सकती है। SVU अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी और दोषी पाए जाने पर अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिवहर के वर्तमान उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने मामले में कड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।