राजधानी पटना में बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। इसमें एक महिला सिपाही की मौत हो गई, जबकि वहीं एक दरोगा और एक एएसआई की हालत गंभीर है। घटना एसकेपुरी थाना क्षेत्र स्थित अटल पथ पर हुई। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पटना एसएसपी और आसपास के थानों की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने महिला सिपाही को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर हालत में एक दारोगा और एक एएसआई का ईलाज किया जा रहा है।
अटल पथ पर वाहन जांच कर रहे थे जवान
जानकारी के अनुसार एसके पुरी थाने की पुलिस अटल पथ पर वाहन चेकिंग का अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक तेजी से वहां आई और वाहन जांच कर रहे पुलिसकर्मियों को रौंदते हुए निकल गई। पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में ईलाज चल रहा है जबकि महिला पुलिसकर्मी कोमल कुमारी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
स्कॉर्पियो पर लगा हुआ था भाजपा का झंडा
मृतक महिला सिपाही की पहचान नालंदा निवासी 25 वर्षीय कोमल कुमारी के रूप में की गई है। वह डायल 112 इमरजेंसी सर्विस में तैनात थीं। बुधवार देर रात वह ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। जबकि गाड़ी का ड्राइवर फरार हो गया है। उसकी तलाश में छापेमरी चल रही है। बताया जा रहा है कि जिस स्कॉर्पियो गाड़ी से यह हादसा हुआ है, उसपर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगा हुआ है। पुलिस गाड़ी मालिक की तलाश में जुटी है।