पटना/सासाराम : रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, वृक्षारोपण, ठोस कचरा प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण तथा आर्द्रभूमियों के विकास से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने, धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय अपनाने तथा नगर निकायों द्वारा कचरा जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों, विद्यालयों एवं अन्य साइलेंस जोन में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर भी विशेष जोर दिया।
हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से डीएम ने वन विभाग को अवैध पेड़ों की कटाई पर प्रभावी रोक लगाने तथा अवैध आरा मिलों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान का अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सके। बैठक में अवैध खनन एवं बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा सोन नदी के संरक्षण, जल गुणवत्ता बनाए रखने तथा पर्यावरणीय संतुलन कायम रखने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यावरण संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए नियमित निगरानी की जाए, ताकि जिले में स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण बनाए रखा जा सके।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट