बीते दिन शुक्रवार को राजधानी पटना के कदमकुआं स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के नवनिर्मित भव्य भवन का लोकार्पण बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर भारतीय ज्ञान—संस्कार पर आधारित सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मंचासीन सभी अतिथियों का परिचय और सम्मान कराया। इस अवसर पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे भारत में 30000 संस्थाएं विद्या भारती की चल रही हैं। इसमें 15 लाख बच्चे पठन-पाठन कर रहे हैं। यहां से पढ़े बच्चों में आज कोई इंजीनियर है, कोई सेवा अधिकारी है। कोई चिकित्सा विभाग में है तो कोई देश सेवा के लिए फौज में है। ये सभी आज भी विद्या भारती के साथ जुड़कर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने विद्यालय के नए भवन का लोकर्पण करते हुए कहा कि आधुनिक भारत में आज हमारे बिहार में एक और नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती दक्षिण बिहार के द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर कदमकुआं में एक भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान पर आधारित भवन का नवनिर्माण हुआ है। अब हम सभी लोगों को मिलकर 2047 तक संस्कृति और सनातन अपना कर विकसित भारत राष्ट्र का निर्माण करना है। इसके बाद उन्होंने ‘सिया राम की जय’ कहकर बिहार की भूमि को गौरवान्वित करने के इस कार्य में इस संस्था के योगदान को याद किया।
कार्यक्र में मुख्य अतिथि के साथ डॉ मोहन सिंह, क्षेत्र कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं श्रीमान संजय गुप्ता, विधायक कुम्हरार आदि उपस्थित रहे। उपरोक्त सभी लोगों ने इस शिक्षण संस्थान को सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। इसी क्रम में संजय गुप्ता ने कहा कि हम सभी लोग विद्यालय के लिए अपना सहयोग देते रहेंगे और इसके साथ सतत जुड़कर सामाजिक शैक्षिक ज्योति जलाते रहेंगे। इन सभी के साथ संघ के प्रांत प्रचारक उमेश रंजन जी, ख्यालीराम, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विद्या भारती उत्तर पूर्व क्षेत्र, डॉ दिवाकर प्रसाद, अध्यक्ष, विद्या भारती दक्षिण बिहार, भरत पूर्वे, प्रदेश मंत्री, प्रदीप कुमार कुशवाहा, प्रदेश सचिव, दक्षिण बिहार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार वर्णवाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।