बिहार में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी है जिसमें एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ तीन बदमाशों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। घटना सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जाता है कि यहां 17 वर्षीय किशोरी शौच करने के लिए घर से बाहर गयी थी। इसी दौरान तीन बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर किशोरी को अगवा कर लिया। उसके बाद वे उसे जबरन सुनसान जगह पर ले गये और बारी-बारी से तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। दुष्कर्मियों ने गैंगरेप का वीडियो भी बना लिया और लड़की को सोशल मीडिया पर उसे वायरल करने की धमकी देकर अपना मुंह बंद रखने को कहा। लड़की घायल अवस्था में किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आप बीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने थाने में जाकर न्याय की गुहार लगाई।
लड़की ने परिजनों ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपी नकाबपोश थे। एक युवक के मुंह से दुष्कर्म के दौरान कपड़ा उतर जाने पर किशोरी उसे पहचान गई। पीड़िता की मां की तरफ से दर्ज कराए एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी निशानदेही पर एक अन्य को इस कांड के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दिये आवेदन में कहा है कि लड़की के शरीर पर कई जगह कटने और नोचने का निशान भी हैं। तीनों लड़को ने गमछा से मुंह बांध रखा था लेकिन इसी दौरान एक युवक के मूंह से गमछा हट गया जिसके बाद लड़की ने उसे पहचान लिया। फिलहाल पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।