नीट पेपर लीक मामले में ईडी ने गुरुवार को संजीव मुखिया के नेटवर्क पर बिहार और झारखंड में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पटना में डॉक्टर शिव कुमार तो रांची में सिकंदर यादवेंदु के ठिकानों पर रेड डाली गई। संजीव मुखिया के बेटे डॉक्टर शिव और नीट 2024 परीक्षा पेपर लीक के आरोपित सिकंदर यादवेंदु के ठिकानों पर यह छापेमारी चल रही है। जानकारी के मुताबिक ईडी दिल्ली की टीम यह छापेमारी कर रही है। मुख्य आरोपी संजीव मुखिया के रिश्तेदारों के घरों पर भी छापेमारी की खबर है। संजीव मुखिया के रिश्तेदारों और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों के ठिकानों पर यहां ये छापे आज नालंदा, रांची, लखनउ और कोलकाता में एकसाथ मारे गए हैं।
राजधानी पटना में आरोपी डॉक्टर शिव कुमार के ठिकानों पर नीट पेपरलीक और बिहार में हुई सिपाही बहाली परीक्षा पेपरलीक मामले में दिल्ली ईडी की टीम ने दबिश दी। वहीं रांची में आरोपी सिकंदर यादवेंदु के यहां कार्रवाई चल रही है।
जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस की आर्थिक अपराधी ईकाई ओर से की गई कार्रवाई के बाद दिल्ली स्थित ईडी ने आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। इसी सिलसिले में जांच को आगे बढ़ाते हुए छापेमारी की ताजा कार्रवाई को किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली ईडी की टीम ने आज सुबह—सुबह पटना स्थित डॉक्टर शिव कुमार के ठिकाने पर छापा मारा। इसी तरह की कार्रवाई रांची के बरियारपुर इलाके में भी की गई जहां सिकंदर यादवेंदु के मकान पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। जानकारी मिली है कि सिकंदर बिहार में जूनियर इंजीनियर के पद पर काम करता था। नीट पेपर लीक मामले में उसे बिहार ईओयू ने गिरफ्तार किया था। ईओयू ने उसके घर की तलाशी भी ली थी। सिकंदर यादवेंदु के बारे में कहा जाता है कि वह राजनीतिक पहुंच वाला है और वह संजीव मुखिया के नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है। मालूम हो कि झारखंड के हजारीबाग के एक स्कूल से पेपर लीक की घटना हुई जिसके बाद ईओयू ने इस पूरे नेटवर्क की जांच की और आरोपियों को पकड़कर मामले का पर्दाफाश किया।