बिहार भाजपा ने बिहार में संगठनात्मक स्तर पर एक बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की छुट्टी कर दी है। पार्टी ने वैश्य समुदाय से आने वाले पुराने और अनुभवी नेता संजय सरावगी को बिहार बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। संजय सरावगी कई बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री रहे। दरभंगा और पूरे मिथिला क्षेत्र में इनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। वह दरभंगा सदर विधानसभा सीट से लगातार छठी बार विधायक चुने गए हैं। और नीतीश कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं।
मालूम हो कि संजय सरावगी की पहचान एक साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में रही है। 2018 में संजय सरावगी को बिहार विधानसभा की प्राकलन समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था। पिछली सरकार में वह मंत्री रह चुके हैं। भले ही उन्हें नई सरकार में मंत्री पद नहीं मिला था, लेकिन अब भाजपा आलाकमान ने उन्हें यह सबसे बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपकर उन पर पूर्ण विश्वास जताया है। वैश्य समुदाय से आने वाले सरावगी को अध्यक्ष बनाने के पीछे भाजपा का उद्देश्य राज्य के इस महत्वपूर्ण वर्ग को एकजुट करना और आगामी चुनावों से पहले संगठन को और मजबूत करना माना जा रहा है।