पटना : सामाजिक संस्था संधान द्वारा गंगा नदी के घाटों पर बृहस्पतिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा के अवसर पर संस्थान द्वारा आम जन को गंगा नदी के घाटों के प्रति संवेदनशील बनाने का आग्रह किया गया। संधान के कार्यकर्ताओं ने गंगा नदी के घाटों की ऐतिहासिकता के बारे में लोगों को बताया।
वहां उपस्थित लोगों ने बताया कि पूजन अवशिष्ट के उचित प्रबंधन की आवश्यकता है। पूजन सामग्री पवित्र होती है और उतनी ही पवित्रता के साथ पूजन अवशिष्ट का प्रबंध किया जाना चाहिए। दुर्भाग्य से पटना में पूजन अवशिष्ट का प्रबंधन उचित प्रकार से नहीं किया जाता है। पूजन अवशिष्ट का प्रबंधन सामान्य कचरे के जैसा किया जाता है। इससे हिंदू आस्था को ठेस पहुंचती है। प्रशासन को चाहिए कि मंदिर से लेकर घाट तक पूजन अवशिष्ट को अलग ढंग से उठाया जाए। पूजन सामग्री को रखने की ठीक व्यवस्था की जाए। इससे लोग कचरा को प्रवाहित करने के लिए बाध्य नहीं होंगे। और नदियां प्रदूषित होने से बचेंगी।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव संजीव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष कुमार, प्रख्यात निर्देशक रीतेश कुमार, फिल्म विश्लेषक प्रशांत रंजन, प्रख्यात रंगकर्मी संजय सिन्हा, समेत कई लोग शामिल थे।