समस्तीपुर के वैनी थाना क्षेत्र में आज सोमवार की सुबह पढ़ने के लिए स्कूल जा रही छात्रा को एक सिरफिरे और उसके साथी ने बीच सड़क गोली मार दी। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की है जहां छात्रा आज सुबह स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार हमलावर अचानक आए और देखते ही उसे गोली मार दी। लोगों ने बताया कि एक दिन पहले ही दोनों हमलावरों में से एक ने छात्रा को कहा था कि वह उससे शादी कर ले, वरना हत्या कर देगा। मृतक छात्रा की पहचान कैजिया गांव के वार्ड संख्या-14 के रहने वाले उमेश ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। हत्या के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर बाइक पर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के बाद अलग—अलग एंगल से इस वारदात की जांच शुरू की है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों को शांत रहने की अपील करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि छात्रा को किस वजह से निशाना बनाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही लोगों से पूछताछ कर रही है।छात्रा के परिवार वालों का कहना है कि छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन अचानक खबर मिली की उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अपुष्ट खबरों के अनुसार मृतक छात्रा के पिता ने बताया है कि एक दिन पहले ही छात्रा ने उनको दो छात्रों द्वारा उसे तंग करने और धमकी दिये जाने के बारे में बताया था। उन्होंने आशंका जताई कि छात्रा को शादी करने के लिए धमकी देने वाले उन्हीं बदमाशों ने इस हत्या को अंजाम दिया हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी है।