गया जी से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसमें एक साधु के श्राप से घर में आग लगने की बात कही जा रही है। गया जी के शेरघाटी के कुशा कचौड़ी गांव स्थित एक परिवार के घर में पिछले 7 दिनों से लगातार आग लग रही है। कभी किसी कमरे, तो कभी घर के बाहर स्थित परिवार के दुकान वाले हिस्से में अचानक आग लगने की बात पीड़ित परिवार बता रहा हैं। मामले की हकीकत क्या है यह ठोस रूप से सामने नहीं आया है। लेकिन जो चर्चा है उसके अनुसार एक साधु का श्राप इस परिवार को लगा है। बताया जाता है कि कुछ दिनों पहले एक साधु इस परिवार के घर रोटी मांगने पहुंचा था। परिवार ने उसे रोटी नहीं दी जिसके बाद उसने क्रोधित होकर श्राप दे दिया था। उसी के बाद से परिवार के साथ अनहोनी घटनाएं घटने लगी।
इस परिवार का कहना है कि उनके घर में लगातार सात दिनों से आग लग रही है। इससे पूरा परिवार डरा हुआ और परेशान है। गया जी के शेरघाटी प्रखंड अंतर्गत कुशा कचौड़ी गांव की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि 15 दिन पहले उनके दरवाजे पर एक साधु महाराज आए थे। उन्होंने खाने के लिए रोटी की मांग की लेकिन परिवार ने उन्हें रोटी खाने को नहीं दिया। इस पर वे बहुत क्रोधित हो गए और श्राप दिया कि तुम्हारे घर में आग लगेगी। तब से यह घटना लगातार घटित हो रही है। घर के मालिक लखन मिस्त्री ने बताया कि 15 दिन पहले साधु ने मेरी बहू से खाने के लिए रोटी मांगी। लेकिन बहू ने रोटी नहीं होने और बदले में चावल खा लेने की गुजारिश की। लेकिन साधु महाराज ने कहा कि उन्हें रोटी ही चाहिए। जब बहू ने असमर्थता जताई तो वह आग बबूला हो गए और कहा कि अब तुम्हारे घर में आग लगेगी। इसके बाद से यह घटना लगातार हो रही है।
गृह स्वामी लखन मिस्त्री ने बताया कि इसके बाद से ही उनके घर के कई कमरों में आग लग चुकी है। अचानक आग लग जाती है। कोई पता नहीं चलता कि यह आग कैसे लगती है। अगलगी कभी कपड़े में, कभी खटिया में, कभी बिछावन कंबल, अनाज आदि में हो रही है। इससे पूरा परिवार डरा हुआ और परेशान है। घर में आग लगने से परिवार के लोग घर से बाहर रहने को विवश है। लखन मिस्त्री ने कहा कि हमारे घर में न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही आग लगने का कोई अन्य उपकारण। फिर भी अचानक अपने आप आग लग रही है। इससे पूरा परिवार भयभीत है। अब घर में रहना छोड़कर यह परिवार सड़क पर आ गया है।