भोजपुर के शाहपुर में बीती शाम उत्पाद विभाग की टीम द्वारा छापेमारी के दौरान शराब तस्करों ने हमला कर दिया। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में टीम को गोलीबारी करनी पड़ी जिसमें एक शराब तस्कर की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। इसके बाद वहां हंगामा मच गया और स्थानीय लोग भड़क गए और रोड़ेबाजी करने लगे। इसी दौरान लोगों ने एक सैप जवान को दौड़ा कर पकड़ लिया और जबर्दस्त पिटाई के बाद उसे बंधक बना लिया। करीब 6 घंटे तक बंधक रहने के बाद आज सोमवार सुबह पुलिस ने गंभीर हालत में सैप जवान को बरामद कर लिया। पुलिस की तरफ से बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम की ओर से आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। इसमें दो युवकों को गोली लग गई। इसके बाद स्थानीय लोग भड़क उठे और सड़क पर उतर गये। हंगामा कर रहे लोगों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की ओर से छापेमारी के नाम पर उन्हें बेवजह परेशान कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर अनुमंडल पदाधिकारी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई है। सैप जवान को तो फिलहाल मुक्त करा लिया गया है लेकिन वहां तनाव अभी बरकरार है और पुलिस कैंप कर रही है। शाहपुर में फायरिंग और युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने बंधक बनाकर सैप जवान को जमकर पीटा। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में हुई। मरे हुए व्यक्ति का नाम सुशील यादव है। वह 45 साल का था। घायल व्यक्ति का नाम उत्तम यादव है। उसे पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शाहपुर और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल अन्य तस्करों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।
बताया जाता है कि जिस सैप जवान की गोली से सुशील यादव की मौत हुई, उसे ग्रामीणों ने दौड़ाकर खूब पीटा। इसके बाद उन्होंने गोली चलाने वाले सैफ जवान को बंधक बना लिया और इस दौरान उसकी पिटाई करते रहे। बाद में सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने पर उन्होंने उक्त सैप जवान को छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार बंधक बनाए गए सैप जवान की हालत बहुत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।