सहरसा : बेख़ौफ़ अपराधियों ने सोमवार को सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग स्थित बलुआहा पुल पर दिनदहाड़े एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा वार्ड 4 निवासी सोचेन यादव के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार यादव है। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग स्थित बलुआहा पुल पर दिनदहाड़े सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा वार्ड 4 निवासी सोचेन यादव के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार यादव को गोली मार दी। मृतक 6 भाई बहनों में तीसरे स्थान पर था। मृतक के पिता सोचेन यादव ने बताया कि विनोद रविवार की शाम किसी दोस्त के शादी में शामिल होने के लिए बाइक से बारात निकला था। बरात से लौटने के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी।
सूचना के बाद पहुंची महिषी थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवक को महिषी के स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के जेब में पेन कार्ड से उसकी पहचान की गई। जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। वहीँ, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंच कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।