रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र के जिगना गांव बीते दो दिनों से अंधेरे में है। गांव में बिजली पहुंची हुई है और घरों में कनेक्शन भी है। लेकिन बिजली नहीं होने का कारण जानकर आप चौंक जायेंगे। दरअसल एक वाकये के बाद इस पूरे गांव की बिजली काट दी गई है। इसे लेकर गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। दरअसल, यहां बिजली विभाग के JEE के दो दिन पहले गांव के एक शख्स ने मारपीट की थी। इस घटना के बाद बिजली विभाग ने पूरे गांव की बिजली आपूर्ति काट दी है। दो दिनों से अंधेरे में डूबे ग्रामीणों को अब पानी की किल्लत और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है यह पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजय शंकर अपनी टीम के साथ दो दिन पहले शाम को जिगना गांव में एक आटा चक्की मिल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से बिजली विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में JEE विजय शंकर के सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान तीन अन्य कर्मी भी मामूली रूप से चोटिल हो गए। इसके बाद अगले दिन की सुबह से ही विभाग ने पूरे गांव की बिजली काट दी। ग्रामीणों का कहना है कि किसी एक व्यक्ति या समूह की गलती की सजा पूरे गांव को देना सरासर गलत है। इस मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
ठप हो गया नल—जल
बिजली न होने के कारण गांव में सरकारी नल-जल योजना बंद पड़ गई है जिससे गांव में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग से लेकर खाना पकाने तक के आवश्यक कार्यों में ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लगभग सभी लोगों के पास वैध कनेक्शन है। जिस व्यक्ति ने मारपीट की उस पर FIR हो चुकी है। इसके बावजूद पूरे गांव की बिजली काटना अविवेकपूर्ण और तानाशाहीपूर्ण कदम है। जब मामला एसडीएम तक पहुंचा तो उन्होंने भी माना कि पूरे गांव की बिजली काटना गलत है। एसडीएम ने तत्काल आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया है।