भोजपुर : जिले के नवादा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित हाईवा ने स्कूटी सवार दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की झारखंड पुलिस में कार्यरत एएसआई (ASI) की पत्नी है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर बवाल काटा और दुर्घटनाग्रस्त हाईवा में तोड़फोड़ की। घंटों तक चले इस हंगामे के कारण आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कौशिक दुलारपुर गांव निवासी 40 वर्षीय नीतू देवी पति सुधीर कुमार सिंह उर्फ टुन्ना सिंह के साथ स्कूटी से जा रही थी, इसी दौरान चंदवा सूर्य मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीतू देवी सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। और सुधीर कुमार इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। सुधीर कुमार झारखंड पुलिस में ASI पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती रांची हाईकोर्ट में है।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर चंदवा सूर्य मंदिर के पास जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाईवा के शीशे तोड़ दिए और उसके टायरों की हवा निकाल दी। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे नवादा थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर काफी मशक्कत के बाद शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घायल एएसआई का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही फरार हाईवा चालक की गिरफ्तारी हो जाएगी।