नवादा : जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में 6 माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के तिलकचक गांव निवासी लालजीत कुमार की 30 वर्षीय पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सीमा कुमारी अपने पति के साथ मेसकौर प्रखंड के बेलवान गांव स्थित मायके से बाइक पर सवार होकर ससुराल लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठी सीमा के हाथ में एक प्लास्टिक का ड्रम था। तेज हवा के कारण ड्रम उड़ने लगा, जिसे संभालने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर गिर गईं।
हादसे में सीमा के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं तथा काफी खून बह गया। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सीमा छह माह की गर्भवती थीं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतका अपने पीछे पति और तीन वर्षीय पुत्र को छोड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं मृतका के पति और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय लोगों ने सड़क यात्रा के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट