बक्सर के चौसा में आज सोमवार की दोपहर बेखौफ बदमाशों ने एक राजद नेता के सिर में गोली मार दी। वारदात को चौसा थर्मल पावर प्लांट के गेट के बाहर अंजाम दिया गया। राज नेता का नाम अर्जुन यादव बताया जाता है। हमले के बाद गंभीर हालत में राजद नेता अर्जुन यादव को पहले बक्सर सदर अस्पताल और फिर वहां से वाराणसी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार राजद नेता पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार की गई जिसमें एक गोली उनके सिर में और बाकी शरीर के कई हिस्सों में लगी हैं। राजद नेता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंची हुई है और लोगों से जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव अपनी थार गाड़ी से थर्मल प्लांट के गेट पर पहुंचे ही थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। हमले के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि राजद नेता अर्जुन यादव चौसा पावर प्लांट में ठिकेदारी भी किया करते थे। आज वे अपने वाहन से पावर प्लांट पहुंचे थे और जैसे ही अंदर प्रवेश करने लगे, तभी उन पर गोलियों की बौछार कर दी गई। फायरिंग में जांध, सिर और पीठ में 3 से 4 गोली ठेकेदार को लगी है। बक्सर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर सरस्वती चंद्र मिश्रा ने बताया कि अर्जुन यादव की हालत बेहद नाजुक है इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर करके भेजा गया है। बक्सर जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस की कार्रवाई पर भी अब लोगों का भरोसा कमजोर होता जा रहा है।
पीड़ित अर्जुन यादव किसान नेता भी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, वे पहले छात्र राजनीति से जुड़े हुए थे और चौसा थर्मल पावर प्लांट से प्रभावित किसानों की ओर से लगातार आवाज उठा रहे थे। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उन पर गोली क्यों चलाई गई। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, एसडीपीओ धीरज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और फिर घटनास्थल का मुआयना करने निकल गए। इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।