बिहार में हुए विधानसभा की चार सीटों के उपचुनाव में लालू—तेजस्वी की पार्टी राजद का सफाया हो गया है। जहां पार्टी को बेलागंज तथा रामगढ़ जैसे अपने अभेद्द गढ़ में करारी हार का सामना करना पड़ा, वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड की बात करें तो वहां हुए विधानसभा चुनाव में आरजेडी ने काफी दमदार प्रदर्शन किया है। बिहार की चार में से तीन सीटों—इमामगंज, बेलागंज और रामगढ़ में इंडिया गठबंधन के तहत आरजेडी ने प्रत्याशी उतारा था। लेकिन इन तीनों सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। वहीं भोजपुर की तरारी सीट पर इंडिया गठबंधन के घटक सीपीआई माले ने चुनाव लड़ा। लेकिन यहां भी राजद नीत महागठबंधन का प्रत्याशी पराजित हो गया। कुल मिलाकर बिहार से राजद का सूपड़ा साफ।
लेकिन झारखंड विधानसभा चुनावों में लालू—तेजस्वी की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। यहां झामुमो के हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया महागठबंधन ने चुनाव लड़ा। चुनाव में लालू की पार्टी को कुल 6 सीटें दी गईं। आज हो रही काउंटिंग में कई राउंड की मतगणना के बाद यह सामने आया कि झारखंड में राजद इन 6 में से पांच सीटों पर काफी आगे चल रहा है। यह काफी चौंकाने वाला है। राजद नेता कह रहे हैं कि अगर महागठबंध ने झारखंड में पार्टी को और सीटें दी होती तो राजद उनपर भी काफी दमदार जीत दर्ज कर सकता था।
अबतक की मतगणना के अनुसार देवघर में आरजेडी के उम्मीदवार सुरेश पासवान 19581 वोटों से आगे चल रहे हैं और यहां से बीजेपी के मौजूदा विधायक नारायण दास को टक्कर दे रहे हैं। वहीं गोड्डा में आरजेडी उम्मीदवार संजय प्रसाद यादव भाजपा विधायक अमित कुमार मंडल से 19867 वोटों से आगे हैं। कोडरमा में आरजेडी नेता सुभाष प्रसाद यादव बीजेपी की मौजूदा विधायक नीरा यादव से 3,471 वोटों से आगे चल रहे हैं। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी सहयोगियों में से एक माने जाने वाले यादव को हाल ही में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी।
झारखंड की विश्रामपुर सीट पर भी राजद कैंडिडेट निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। आरजेडी प्रत्याशी नरेश प्रसाद सिंह भाजपा के बिश्रामपुर विधायक रामचन्द्र चंद्रवंशी से 5,159 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं हुसैनाबाद सीट से आरजेडी के उम्मीदवार संजय कुमार सिंह यादव भी बीजेपी के मौजूदा विधायक कमलेश कुमार सिंह से 8,213 वोटों से आगे चल रहे हैं। झारखंड में एकमात्र चतरा सीट से राजद प्रत्याशी के पीछे चलने की खबर है। यहां पार्टी की उम्मीदवार रश्मी प्रकाश एनडीए प्रत्याशी से 3,776 वोटों से पीछे चल रही हैं।