बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ सीटों पर वोटिंग जारी है। दिन के एक बजे तक इन आठों सीटों पर औसतन 36.48 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं। वाल्मीकि नगर में अब वोटिंग ने रफ्तार पकड़ी है लेकिन मतदान प्रतिशत में वैशाली सर्वश्रेष्ठ बना हुआ है। इसबीच वाल्मीकि नगर से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां पुलिस ने नोट बांटते हुए राजद प्रत्याशी के स्टाफ को हिरासत में लिया है।
दीपक यादव के चीनी मिल का है कर्मी
जानकारी के अनुसार वाल्मीकि नगर संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे राजद प्रत्याशी दीपक यादव के कर्मचारी अशोक शुक्ला को आज वोटिंग के दौरान सड़क पर नोट बांटते पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ लिया। अशोक शुक्ला राजद प्रत्याशी दीपक यादव के चीनी मिल का कर्मचारी है। वह सरेआम वोटरों को पैसा बांट रहा था। पटखौली ओपी पुलिस ने सूचना के बाद वहां पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एक बजे तक बिहार में 36. 48 प्रतिशत मतदान
इधर चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बिहार की आठ लोकसभाई सीटों पर दोपहर एक बजे तक कुल 36.48 प्रतिशत मतदान की सूचना है। वैशाली में सबसे अधिक 40.48 प्रतिशत तो सीवान में सबसे कम 31.59 फीसदी वोट पड़े हैं। वाल्मीकि नगर में एक बजे तक 36.64 प्रतिशत, पश्चिम चंपारण में 37.75, पूर्वी चंपारण में 37.57, शिवहर में 38.89, गोपालगंज में 34.65 और महाराजगंज में 34.75 फीसदी मतदान होने की खबर है।