नए साल के पहले ही दिन बिहार के रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 3 बांग्लादेशियों और उनके एक भारतीय मददगार को धर दबोचा है। पश्चिम चंपारण जिले के रक्सौल इलाके में एसएसबी और हरैया थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तीनों बांग्लादेशियों और उनके भरतीय मददगार को मैत्री पुल से पकड़ा। ये लोग बिना वीजा या किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से भारतीय सीमा में घुस आए थे।भारत–नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ और तीन बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। यह गिरफ्तारी बीती देर रात भारत और नेपाल को जोड़ने वाले मैत्री ब्रिज पर की गई। एसएसबी जवानों ने नेपाल से भारत की ओर आ रहे चार लोगों को रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि इनमें से तीन लोग बांग्लादेशी नागरिक हैं, जबकि चौथा व्यक्ति भारतीय नागरिक है जो इन तीनों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराने में मदद कर रहा था।
गिरफ्तार भारतीय नागरिक की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के निवासी सरफराज अंसारी के रूप में की गई है। बताया गया है कि सरफराज नेपाल में रहकर सिलाई का काम करता है। वहीं, गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान शाहीनूर रहमान, मो. सोबुज और मो. फिरोज के रूप में हुई है। एसएसबी की पूछताछ में सामने आया है कि तीनों बांग्लादेशी नागरिक टूरिस्ट वीजा पर नेपाल पहुंचे थे। इसके बाद वे नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिक सरफराज अंसारी के संपर्क में आए और दो-तीन दिन उसके साथ रहने के बाद अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि बांग्लादेशी नागरिक शाहीनूर रहमान पहले श्रीलंका, मिस्र समेत कई अन्य देशों की यात्रा कर चुका है। इस जानकारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। एसएसबी ने चारों को हिरासत में लेकर हरैया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल तीनों बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच और पूछताछ की जा रही है।