नेपाल से लगे बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसबी ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश की कोशिश कर रहे चार संदिग्ध चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में इनके पाकिस्तान कनेक्शन के संकेत मिले हैं। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद रक्सौल मैत्री पुल के पास एसएसबी की टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की। बताया गया कि नेपाल से रक्सौल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से घुसपैठ करते हुए चार संदिग्ध चीनी नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) द्वारा रक्सौल मैत्री ब्रिज से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार चार चीनी नागरिक बार-बार अपना बयान बदल रहे हैं। ये लोग धड़ल्ले से हिंदी, नेपाली, अंग्रेजी और चीनी भाषा में बोल रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि इन्हें इन भाषाओं की पर्याप्त ट्रेनिंग दी गई है। सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों की मानें तो शुरुआती जांच में इनका सबंध पाकिस्तान से होने का संकेत मिला है। पाकिस्तान में ये किसी लड़के से बात कर रहे थे। यह भी जानकारी मिली कि ये चीनी नागरिक पिछले एक हफ्ते से काठमाडू में रहे हैं। ये लोग भारत में क्यों घुसपैठ कर रहे थे, इस बारे में पूछताछ के दौरान इनमें से कोई कुछ भी नहीं बोल रहा है। सुरक्षा एजेंसी चोरों घुसपैठिए से गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है।
दरअसल भारत—पाकिस्तान के बीच जारी तनातनी को देखते हुए बिहार में भी अलर्ट जारी है। इसी के तहत नेपाल सीमा पर उच्च सतर्कता बरती जा रही थी। रक्सौल बार्डर पर भी नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों के पहचान पत्र की जांच की जा रही है। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश करते हुए चार चीनी नागरिकों को मैत्री पुल के पास से पकड़ा गया। इन सभी के पास भारत में आने का वैध कागजात उपलब्ध नहीं था। इसके बाद एसएसबी जवानों ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए विदेशी नागरिकों के नाम किजुन, लेइ योंगघाई, हे क्वेंगसेंग और हउंग लिमिन बताए जा रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है।