बिहार के कृषि मंत्री और दानापुर के भाजपा विधायक रामकृपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में उन्हें अपनी जीत के लिए समर्थकों को धन्यवाद देने और पवन सिंह के गानों पर जमकर डांस करते हुए देखा जा सकता है। अब आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है? दरअसल, विधानसभा चुनाव में रामकृपाल की जीत और उन्हें भरपूर सहयोग समर्थन देने के लिए दानापुर में कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और आभार जताने के लिए एक कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इसमें बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव भी शामिल थे। इस दौरान जब पवन सिंह का गाना वहां बजा तो वह भी खुद को रोक नहीं पाए और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर थिरकने लगे। उन्हें वीडियों में पीएम मोदी के स्टाइल में हाथ में गमछा लहरा कर नाचते हुए देखा जा सकता है।
मोदी- नीतीश पर पवन सिंह का गाना हुआ था हिट
जिस गाने पर भाजपा विधायक रामकृपाल यादव जमकर थिरकते हुए दिख रहे हैं, दरअसल वो गाना भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह का है, जिसे चुनाव के दौरान गाया गया था। इस गाने बोल थे— ‘जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट हो गईल।’ बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान इस गाने को प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के तमाम मंचों पर खूब बजाया गया था। चुनाव के दौरान जनसभाओं में कार्यकर्ताओं को जुटाने और उन्हें उत्साहित रखने के लिए इस गाने ने खूब धूम मचाई।
चुनावी विजय के कुछ दिनों बाद अब जब रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया तो उस समय भी यह गाना बजाया गया जिसमें रामकृपाल यादव के साथ सभी कार्यकर्ता हाथ में गमछा लेकर झूमते नजर आए।
जब रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया तो उस समय भी यह गाना बजाया गया, जिसमें रामकृपाल यादव के साथ सभी कार्यकर्ता हाथ में गमछा लेकर झूमते नजर आए। और यही वीडियो इस समय खुब छाया हुआ है। बता दें कि भाजपा के रामकृपाल यादव ने दानापुर सीट से राजद के निवर्तमान विधायक रीतलाल यादव को 29,133 वोटों से हराया है। रामकृपाल यादव को कुल 1,19,877 वोट मिले। रीतलाल यादव साल 2020 में राजद के टिकट पर चुनाव जीते थे। उनके खिलाफ 11 आपराधिक मामले लंबित हैं। वहीं रामकृपाल के खिलाफ 2 आपराधिक मामले लबित हैं। रामकृपाल यादव ने पहली बार 1992 में बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा, जो 1993 तक रहे। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर रामकृपाल यादव दो बार सांसद बने और मोदी सरकार में 2014 से 2019 तक दो विभागों के केंद्रीय मंत्री रहे।