पटना : रामनवमी के अवसर पर पटना जिले के प्राचीन बाढ़ अनुमंडल में भव्य झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डीएसपी रामकृष्ण के नेतृत्व में बाढ़, एनटीपीसी एवं पंडारक थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल तैनात रहे, जिससे पूरे आयोजन में शांति और व्यवस्था बनी रही। सवेरा सिनेमा मोड़ पर आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन भाजपा के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह तथा नगर परिषद अध्यक्ष संजय कुमार उर्फ गायमाता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और चरित्रों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार चुन्ना, राजेश कुमार राजू सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूजा-अर्चना और आरती के पश्चात भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी एवं हनुमान की आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में घोड़े, हाथी, ऊंट और बाजे-गाजे के साथ हजारों श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष करते हुए पूरे अनुमंडल का भ्रमण किया।
हालांकि, इस आयोजन को लेकर एक चर्चा का विषय भी सामने आया। जहां देशभर में रामनवमी 27 मार्च को मनाई जानी है, वहीं बाढ़ में 26 मार्च को ही पूजा-अर्चना और शोभायात्रा निकाले जाने से कुछ लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। फिलहाल, प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच यह आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट