राजगीर | राजगीर में आयोजित पवित्र मलमास मेले का दर्शन और भ्रमण कर टेंपो से अपने गांव फहर लौटने के दौरान छबीलापुर थाना क्षेत्र स्थित केके मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यात्री राजगीर में आयोजित पवित्र मलमास मेले का दर्शन और भ्रमण कर टेंपो से अपने गांव फहर लौट रहे थे। इसी दौरान छबीलापुर मार्ग पर केके मेडिकल कॉलेज के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और तुरंत छबीलापुर थाना पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। पांच घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हाइवा की तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है और मामले की सघन जांच की जा रही है।