दानापुर से राजद विधायक और लालू यादव के खासमखास रीतलाल यादव के ठिकानों पर आज शुक्रवार को पटना पुलिस तथा एसटीएफ की टीम ने छापा मारा। यह छापा विधायक रीतलाल यादव के दानापुर में खगौल स्थित घर पर मारा गया। छापेमारी में करीब 1000 जवानों को लगाया गया। रीतलाल के आवास के बाहर कई थानों की पुलिस के साथ सिटी एसपी, दानापुर एएसपी के अलावा पटना के एसएसपी अवकाश कुमार भी पहुंचे थे। राजद विधायक के ठिकानों पर यह छापेमारी कोर्ट के आदेश पर की गई है। छापेमारी के दौरान पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया था। छापेमारी के समय राजद विधायक रीतलाल यादव अपने घर पर मौजूद नहीं थे।
सिटी एसपी ने क्या कहा?
सिटी एसपी पश्चिमी शरत आरएस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विधायक रीतलाल यादव और उनके कुछ साथियों के खिलाफ एक शिकायत दर्ज हुई थी। उसी मामले में कोर्ट के आदेश के बाद यहां छापेमारी की जा रही है। खबर लिखे जाने तक विधायक के कई ठिकानों पर छापेमारी हो रही थी। सूत्रों के अनुसार विधायक रीतलाल यादव के आवास के अलावा बिहटा और दानापुर के अभियंता नगर स्थित ठिकने पर भी छापेमारी की गई है। खगौल में मुहल्ले के लोग पुलिस के ऐक्शन से हैरान रह गए हैं।
माना जा रहा कि राजद विधायक के ठिकानों पर यह छापा एक पुराने मर्डर केस में कोर्ट के आदेश के बाद मारा गया है। मामला वर्ष 2003 का है जब दानापुर की पूर्व विधायक आशा देवी के पति सत्यनारायण सिन्हा की हत्या कर दी गई थी। उस समय पटना में राजद की तेल पिलावन रैली आयोजित की गई थी और उसी दिन खगौल में सत्यनारायण सिन्हा की हत्या कर दी गई थी। इसी केस में कोर्ट ने डेढ़ माह पहले रीतलाल यादव के खिलाफ नोटिस जारी किया था। विदित हो कि आरजेडी विधायक रीतलाल यादव को दबंग माना जाता है। यह कोई पहली बार नहीं है जब विधायक के ठिकानों पर रेड हुई है। अभी कुछ दिनों पहले भी उनके यहां छापा पड़ा था।