बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने आक्रामक मुद्रा में फ्रंट में आकर खेलना शुरू कर दिया है। खेल की कप्तानी खुद राहुल गांधी कर रहे हैं। अपने इसी सियासी खेल के तहत आज वे अपनी पूरी टीम के साथ बेगूसराय पहुंचे जहां उन्होंने कन्हैया कुमार के साथ कांग्रेस की ‘पलायन रोको नौकरी दो’ यात्रा में शामिल हुए। यहां उन्होंने आईटीआई चौक से पदयात्रा की शुरुआत की और बेगूसराय जीरो माइल तक इसमें शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता सफेद टी शर्ट में साथ कदमताल करते दिखे। पद यात्रा में राहुल करीब दो किमी चले और इस दौरान युवाओं से उन्होंने संवाद भी किया। बाद में उनका युवाओं के साथ संवाद का एक अलग से कार्यक्रम भी रखा गया है।
राहुल गांधी के ऊपर फूलों की बारिश
पदयात्रा के दौरान बेगूसराय में राहुल गांधी के साथ हजारों कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक चल रहे थे। समर्थक राहुल गांधी के ऊपर फूलों की बारिश करते देखे गए जबकि राहुल गांधी लोगों का अभिनंदन स्वीकार कर रहे थे। बेगूसराय से करीब एक बजे राहुल गांधी पटना वापस लौटेंगे और कुछ देर विश्राम के बाद वे श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वे बापू के नमक सत्याग्रह से जाति जनगणना क्यों जरूरी जैसे विषय पर अपने विचार रखेंगे। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम जाएंगे जहां पार्टी नेताओं के साथ हर घर झंडा कार्यक्रम, चुनावी तैयारियों के संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात करेंगे। इसके बाद उनका दिल्ली प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।
युवाओं से अपील वाइट टी-शर्ट अभियान से जुड़े
बिहार की अपनी यात्रा के पूर्व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर युवाओं को एक संदेश दिया जिसमें उन्होंने अपील की है कि उनके वाइट टी-शर्ट अभियान से जुड़े। राहुल ने लिखा पोस्ट में युवा साथियों से कहा कि वे सात अप्रैल को बेगूसराय आ रहे हैं। पलायन रोको नौकरी दो यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए लक्ष्य है कि पूरी दुनिया को बिहार के युवाओं की भावना दिखे, उनका संघर्ष दिखे, उनका कष्ट दिखे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आज बिहार दौरे को लेकर कांग्रेस उत्साहित है। बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसलिए राज्य की राजनीति में सरगर्मी है। उनके आने से पहले कांग्रेस नेताओं ने RJD प्रमुख लालू यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। राहुल गांधी की यात्रा से पहले इन मुलाकातों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।