पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की रहने वाली NEET छात्रा के साथ दरिंदगी और फिर उसके बाद उसकी हत्या के मामले को लेकर आज गुरुवार को बिहार विधानसभा और विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। विधान परिषद में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने इस प्रकरण पर बड़ा बयान देते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मामले में लीपापोती की जा रही है। सरकार के प्रभाव में इस कांड की जांच को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। राबड़ी देवी ने आशंका जताई कि इस केस में किसी मंत्री के बेटे की संलिप्तता हो सकती है। इसीलिए सच्चाई सामने आने से पहले ही इस सनसनीखेज मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मामले को दबाया जाता है, फिर औपचारिकता निभाते हुए इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सवाल किया कि जब सब कुछ सेट करके साफ कर दिया जाएगा, तब इस मामले में सीबीआई जांच क्या करेगी? राबड़ी देवी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जांच एजेंसियों के पास पर्याप्त संसाधन और स्वतंत्रता नहीं है। ऐसे में उनकी विश्वसनीयता की कोई गारंटी नहीं है। NEET छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि इस पूरे मामले में किसी मंत्री का बेटा या खुद कोई मंत्री भी शामिल हो सकता है। लेकिन राज्य सरकार इस मामले की सही जांच कराने की बजाय लीपापोती में लगी हुई है। इसी लीपापोती के तहत अब इस केस को सीबीआई को सौंप सरकार खुद को बचाने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा राबड़ी ने बिहार बजट को भी निराशाजनक बताते हुए कहा कि बजट में आम जनता के लिए कुछ खास नहीं है। सरकार ने बिहार की जनता को सिर्फ झूठे वादों के सहारे वोट लेकर ठगने का काम किया है।
उधर विधानसभा के बाहर भी आज तीसरे दिन का सत्र शुरू होने से पहले बाहर पोर्टिेको में राजद और अन्य विपक्षी सदस्यों ने लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। राजद समेत तमाम विपक्षी विधायकों ने सदन के बाहर NEET छात्रा मौत वाले मामले पर हाथ में बैनर पोस्टर लेकर नारेबाजी की और सरकार पर तीखे हमले किये। हंगामा कर रहे विपक्ष के विधायकों का आरोप है कि सरकार कुछ लोगों को बचाने में लगी है। इसीलिए इस पूरे मामले की जांच के बजाय उस पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है और ध्यान भटकाने के लिए सीबीआई से जांच करवा रही है। इसके बाद जब सत्र शुरू हुआ तो राजद की करिश्मा राय ने इस मामले को उठाया और कहा कि सरकार को यह बताना होगा कि आखिर नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ क्या हुआ? वहीं राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि बिहार में कानून—व्यवस्था चरमरा गई है और नीट छात्रा के मामले में सरकार ठोस कार्रवाई करने में असफल रही। आज लड़कियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और गर्ल्स हॉस्टल खाली हो रहे हैं। सरकार इसपर ठोस जवाब दे।