Patna : पटना में नीट (NEET) छात्रा की मौत के मामले ने अब बिहार की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है। एक ओर जहां नीतीश सरकार ने निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की सिफारिश की है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राजद नेत्री राबड़ी देवी ने इस मामले में बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। गुरुवार (05 फरवरी, 2026) को सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने सत्ता पक्ष को सीधे घेरे में लिया हैं। नीट छात्रा की मौत की गुत्थी उलझते देख उन्होंने मामले में राजनीतिक संरक्षण की आशंका जताई है।
राबड़ी देवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस मामले में शुरू से ही सबूतों के साथ छेड़छाड़ और लीपापोती की गई है। जब मामला पूरी तरह दबाने की कोशिश सफल नहीं हुई, तब इसे सीबीआई को सौंपा गया। आगे उन्होंने हैरान करने वाला दावा करते हुए कहा कि इस पूरे कांड में “कोई मंत्री या किसी मंत्री का बेटा” शामिल हो सकता है। इसी वजह से जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। छात्रा की मौत के मामले के साथ-साथ राबड़ी देवी ने वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा पेश किए गए बिहार बजट (2026-27) को भी सिरे से नकार दिया। उन्होंने इस बजट को बिहार की जनता के साथ छलावा और ठगी बताया है।
इधर, सत्ता पक्ष के नेताओं का कहना है कि विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। सरकार ने खुद आगे बढ़कर सीबीआई जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सबके सामने आए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। सरकार का तर्क है कि सीबीआई जांच की सिफारिश ही यह साबित करती है कि शासन किसी को बचाना नहीं चाहता। मालूम हो कि जहानाबाद की रहने वाली नीट छात्रा की पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में कई संदिग्ध पहलू सामने आए, जिसके बाद सांसद पप्पू यादव और अब राबड़ी देवी ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया है।