पूर्णिया। जिले के चम्पानगर थाना क्षेत्र के मौजा प्रसादपुर में कोर्ट और प्रशासनिक आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अतिक्रमणकारियों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए तीर-धनुष, भाला, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया। इस जानलेवा हमले में एक चौकीदार की गर्दन में तीर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत सात हमलावरों को गिरफ्तार कर स्थिति को नियंत्रण में लिया है।
11.28 एकड़ सरकारी जमीन को मुक्त कराने गई थी टीम
जानकारी के मुताबिक, मौजा प्रसादपुर में करीब 11.28 एकड़ भूमि पर लंबे समय से 29 लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत थी। अदालत और प्रशासनिक आदेश के आलोक में जमीन खाली कराने की कार्रवाई तय की गई थी। इसके लिए कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, कुछ स्थानीय लोगों ने इसका पुरजोर विरोध करना शुरू कर दिया जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया घायल चौकीदार
अतिक्रमणकारियों के उग्र होने के बाद टीम पर चारों तरफ से तीर और पत्थरों की बौछार होने लगी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात चौकीदार शंकर पासवान की गर्दन के पीछे एक तीर जा लगा। घायल चौकीदार को तुरंत स्थानीय पुलिसकर्मियों की मदद से श्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
महिला समेत सात उपद्रवी गिरफ्तार, इलाके में पुलिस कैंप
हमले के बाद पुलिस ने त्वरित मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया और स्थिति को काबू में लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला समेत सात उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और वीडियो फुटेज व पहचान के आधार पर अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है।